बोरेंदा (केसरा) में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य आगाज़, प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख

पाटन। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं में अनुशासन, एकता और खेल भावना के विकास के उद्देश्य से ग्राम बोरेंदा (केसरा) में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 निर्धारित किए जाने से खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राकेश ठाकुर, जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशा, भटकाव और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखती हैं। खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण होता है। उन्होंने बोरेन्दा के युवाओं द्वारा किए गए इस आयोजन को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने आगे कहा कि गांव स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं भविष्य के खिलाड़ियों की नींव मजबूत करती हैं। शासन-प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है कि वे ग्रामीण प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग प्रदान करें।

पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने कहा कि खेल गांव को जोड़ने का कार्य करता है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता बढ़ती है और युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित मंच देने की।
राजेश ठाकुर, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामगांव आर ने कहा कि आज की आवश्यकता है कि युवाओं को खेल के साथ-साथ शिक्षा और संस्कार से जोड़ा जाए। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि जीवन निर्माण का सशक्त माध्यम है। गांव के युवाओं द्वारा इतने व्यवस्थित और भव्य रूप से प्रतियोगिता का आयोजन करना गर्व की बात है।शुभारंभ अवसर पर दिनेश साहू (सदस्य, जनपद पंचायत), डॉ. ईश्वर निषाद (सरपंच, केसरा) एवं कामेश कश्यप (सरपंच, बोरेन्दा) ने भी अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर कामेश राजपूत, पीयूष पाल, योगेन्द्र कुमार, आकाश यादव (उपसरपंच), भागवत निषाद, गौतम कोरे, मन्नूलाल साहू, ईश्वर यादव, बहूर निषाद, मनोज यादव, परमानंद साहू, देवेन्द्र साहू, सनत यादव, बनवाली निषाद (पंच), बिसहत सेन (पंच), मुकेश साहू, अश्वनी साहू, हरीश पाल, नारद पाल, नागेश यादव, दुजराम, रोशन यदु, भूपेंद्र, पुनाराम निषाद सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन शहीद भगत सिंह क्रिकेट क्लब बोरेंदा एवं समस्त ग्रामवासी बोरेंदा (पाटन) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *