64 विशेष ट्रेनों से 54,400 श्रद्धालुओं ने किए श्रीरामलला के दर्शन, राजनांदगांव से अयोध्या के लिए रवाना हुई एक और विशेष ट्रेन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से साकार हो रहा श्रद्धालुओं का अयोध्या दर्शन का सपना, दुर्ग स्टेशन पर विधायक ललित चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया तीर्थयात्रियों का स्वागत

दुर्ग । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक आनंद का माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से अब तक 64 विशेष ट्रेनों से लगभग 54 हजार 400 श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इसी कड़ी में 16 नवंबर को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को लेकर एक और विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई।

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कोमल सिंह राजपूत, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी एवं खुबचंद पारख ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का तिलक एवं अभिनंदन कर उन्हें सुखद, मंगलमय और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। स्टेशन पर श्रद्धालुओं में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

दुर्ग स्टेशन पर विधायक ललित चंद्राकर ने किया तीर्थयात्रियों का स्वागत

राजनांदगांव से रवाना हुई विशेष ट्रेन के दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचने पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी के प्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी यात्रा की कुशलता एवं मंगलमय दर्शन की कामना की।

64 ट्रेनों से 54,400 श्रद्धालुओं को मिला दर्शन का सौभाग्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर संचालित इस योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेनों के माध्यम से अयोध्या धाम की निःशुल्क तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 64 विशेष ट्रेनों के माध्यम से लगभग 54 हजार 400 श्रद्धालु प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना से ऐसे बुजुर्गों एवं श्रद्धालुओं को भी तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए स्वयं अयोध्या पहुंचना आर्थिक अथवा अन्य कारणों से कठिन होता है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। प्रदेश की लोकसंस्कृति, परंपराओं और जनजीवन में प्रभु श्रीराम के प्रति विशेष आस्था रही है। ऐसे में अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन की सुविधा प्रदेशवासियों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखती है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा आईआरसीटीसी एवं जिला प्रशासन के समन्वय से योजना का संचालन किया जा रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा श्रद्धालुओं को प्रमुख तीर्थस्थलों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था को सम्मान देने के साथ ही छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। प्रभु श्रीरामलला के दर्शन की अभिलाषा लेकर अयोध्या रवाना हुए श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह इस योजना की सार्थकता को बयां कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *