विकास के साथ जनजातीय विरासत और गौरवशाली इतिहास को सहेजना भी हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सहेजना तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनजातीय वीर नायकों का साहस, संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास एवं राष्ट्रीय चेतना का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने मातृभूमि की आजादी के साथ-साथ जल, जंगल, जमीन, संस्कृति, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका जीवन आज भी साहस, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री साय रविवार को बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए जनजातीय समाज को संगठित कर उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका साहस, स्वाभिमान और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखी जनता की सहायता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। इसी तरह अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इन महानायकों की गौरवगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नायकों के योगदान से परिचित कराया जा रहा है।

जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण के साथ जनजातीय परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल किए गए हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं जनजातीय समाज की परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। जनजातीय समाज ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलें और वे विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें।

उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना करते हुए स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को याद किया। साथ ही पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच सेवा और समर्पण से विश्वास अर्जित करने वाले जोगेश्वर यादव के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।

विश्वविद्यालय की जनहितकारी पहलों की सराहना

मुख्यमंत्री ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में मात्र दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों के विक्रय और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने की पहल भी सराहनीय है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महान जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे जनजातीय महानायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय की जनहित से जुड़ी पहलों की भी सराहना की।

अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज की भूमि, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन का डटकर विरोध किया।

संगोष्ठी के प्रारंभ में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, विद्वान, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *