पाटन। श्री हनुमान मंदिर प्रांगण, बाजार चौक पाहंदा में 02, 03 एवं 04 जनवरी 2026 को 57वें श्रीराम कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में युगतुलसी श्रीरामकिंकर महाराज जी की उत्तराधिकारी परमपूज्य दीदी मां मंदाकिनी श्रीरामकिंकर जी के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का भावपूर्ण रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। यह आयोजन निरंतर 57वें वर्ष संपन्न हो रहा है, जो क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को सजीव रूप में प्रस्तुत करता है।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन होगा, जबकि सायं 6 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक पूज्य दीदी मां के प्रवचन संपन्न होंगे। कथा के दौरान भक्ति, संगीत और रामचरित मानस के प्रेरक प्रसंगों से श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे।
आयोजन समिति के संरक्षक नंदलाल साहू एवं गंगूराम साहू, अध्यक्ष चेतन देवांगन, सचिव राजेंद्र साहू तथा कोषाध्यक्ष कुलेश्वर साहू के कुशल मार्गदर्शन में राजेश्वर साहू, दीपक यादव, राजू लाल साहू, चिंटू देवांगन, चेलाराम साहू, टिकेंद्र देवांगन, भेनू साहू, गजेन्द्र साहू, हेमंत साहू सहित पूरी टीम, श्री आदर्श मानस मंडली एवं समस्त ग्रामवासी पाहंदा (अ.) आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ एवं पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।