रायपुर में 6 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ, 25 फीट पर्वत पर द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन आकर्षण का केंद्र

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा मार्ग स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित 6 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 12 फरवरी को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, महापौर मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकांत राठौड़ सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसी प्रकार नवा रायपुर सेक्टर-20 स्थित एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड (शांति शिखर) में भी 12 फरवरी को महोत्सव का शुभारंभ प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा द्वारा किया गया। यह महोत्सव 17 फरवरी तक चलेगा।

25 फीट पर्वत पर द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन

महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए 25 फीट ऊंचे कृत्रिम पर्वत पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। संगीतमय वातावरण में ज्योतिर्लिंगों के इतिहास और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। इसके साथ ही आकर्षक होलोग्राम शो, स्वर्णिम युग की झांकी, शिव दर्शन आध्यात्मिक प्रदर्शनी और 40 फीट ऊंचा शिवलिंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं। आयोजन में प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रखा गया है।

महाशिवरात्रि पर विशेष कार्यक्रम

महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को विशेष व्यवस्था की गई है। इस दिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक पूरे दिन द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे। झांकी में परमपिता परमात्मा शिव की स्मृति में स्थापित ज्योतिर्लिंगों का इतिहास और महत्व संगीतमय कमेंट्री के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। एलसीडी प्रोजेक्टर के जरिए बड़े पर्दे पर भी विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

18 फरवरी से निशुल्क राजयोग अनुभूति शिविर

महोत्सव के समापन के बाद 18 फरवरी से शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर एवं चौबे कॉलोनी स्थित सेवा केंद्रों में सात दिवसीय निशुल्क राजयोग अनुभूति शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में श्रद्धालु सुबह 7 से 8 बजे या शाम 7 से 8 बजे किसी एक सत्र में भाग ले सकते हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *