धमतरी, 14 फरवरी 2025। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में Central Reserve Police Force (CRPF) के तीन जवानों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बाईपास के पास नेशनल हाईवे-30 पर हुआ। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही एमपी पासिंग स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक MP 17 ZH 4897) की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।हादसे में 201 कोबरा बटालियन के जवान मुकेश कुमार, सौरभ तोमर और राजकुमार गोंड तथा वाहन चालक हीरालाल नागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जवान अभियान राय गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परमार्थ एंबुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान ने राहत कार्य में सहयोग किया। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और गैस कटर की मदद से शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल की मर्च्युरी भेजा गया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। जवानों की असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।