पतोरा में धूमधाम से मनाया गया संत कबीर साहेब का 628वां प्रकटोत्सव, भक्ति और समरसता का दिया संदेश

पतोरा में धूमधाम से मनाया गया संत कबीर साहेब का 628वां प्रकटोत्सव, भक्ति और समरसता का दिया संदेश

पतोरा। पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब जी एवं पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब जी की असीम कृपा से कबीर पंथी सत्संग समिति एवं अमीन माता महिला मंडली के तत्वावधान में ग्राम पंचायत पतोरा में संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब का 628वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। आयोजन में दिनभर धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन सत्संग एवं कबीर ध्वज वंदन के साथ हुआ। इसके बाद अमीन माता महिला मंडली द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। यात्रा के पश्चात संत कबीर साहेब की आरती कर समाज, राष्ट्र और समस्त मानवता के कल्याण की कामना की गई।

दोपहर में आदर्श गायन भजन मंडली की प्रमुख लोक कलाकार त्रिवेणी साहू ने कबीर पंडवानी की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर संत कबीर साहेब के जीवन दर्शन, उपदेशों और सामाजिक समरसता के संदेश को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। श्रद्धालुओं ने उनकी प्रस्तुति को भावविभोर होकर सुना। भोजन प्रसादी के पश्चात आयोजित सम्मान एवं उद्बोधन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी, केंद्रीय प्रतिनिधि केवीडी मिशन एवं उपाध्यक्ष कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा प्रमोद साहेब जी, जनपद पंचायत सदस्य चंद्रिका देवदास, सरपंच भुनेश्वर साहू, पूर्व मंडी अध्यक्ष अश्वनी साहू, पूर्व सरपंच अंजिता साहू तथा परीक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के अध्यक्ष किशन हिरवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने संत कबीर साहेब के विचारों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए समाज में सद्भाव, नैतिकता, मानवता और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर ने ग्राम पतोरा में कबीर कुटीर निर्माण हेतु सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की, वहीं जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र चंद्रवंशी ने सत्संग समिति के लिए कलश एवं पूजन सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की।

उपाध्यक्ष कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा प्रमोद साहेब जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि केवीडी मिशन जीव दया एवं मानव सेवा के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए समाज में प्रेम, करुणा, अहिंसा और मानव कल्याण का संदेश प्रसारित कर रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से संत कबीर साहेब के बताए सत्य, प्रेम और समानता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में महंत श्यामसुंदर साहेब जी के सान्निध्य में 121 चौका आरती संपन्न हुई। उन्होंने अपने प्रवचन में सत्य, सदाचार, सेवा और मानव कल्याण को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। चौका आरती के प्रमुख यजमान प्रकाश साहू एवं लक्ष्मी साहू रहे। इसके पश्चात प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन हुगेंद्र साहू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में शशिभूषण साहू, सुदर्शन साहू, सुकेश्वर साहू, सुखराम साहू, दाऊराम साहू, कमलेश साहू, रूपेंद्र साहू, तोमन साहू, वेदप्रकाश साहू, कौशल साहू, रोशन साहू, महेंद्र गजपाल, नरेश श्रीवास सहित बड़ी संख्या में समाजजनों एवं महिला मंडली की सदस्याओं का विशेष योगदान रहा। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा, सामाजिक समरसता और एकता का अनुपम वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने संत कबीर साहेब के बताए सत्य, प्रेम, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सत्संग, आरती, प्रसाद वितरण और भंडारे के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *