भिलाई में होगी 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता: 29 राज्यों के 329 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

दुर्ग/भिलाई। दुर्ग जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाली 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता (आयु वर्ग 14 वर्ष बालक) का आयोजन 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक भिलाई में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 29 राज्य भाग लेंगे, जहां 329 खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले भिलाई नायर समाजम हायर सेकेंडरी स्कूल एवं सेक्टर-2 स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में आयोजित होंगे। वहीं, प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह भिलाई विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-2 के खेल मैदान में संपन्न होगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ-साथ 87 ऑफिशियल्स भी शामिल रहेंगे। इसके अतिरिक्त लोक शिक्षण संचालनालय, स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के 45 अधिकारी-कर्मचारी आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। दुर्ग संभाग से कुल 136 व्यायाम शिक्षक एवं अधिकारी प्रतियोगिता के सुचारु और सफल संचालन के लिए विभिन्न दायित्व निभाएंगे।
खिलाड़ियों के लिए पुख्ता इंतजाम
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी जयंत वर्मा ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से दुर्ग जिले को राष्ट्रीय स्तर पर खेलों के क्षेत्र में विशेष पहचान मिलने की उम्मीद है।
तैयारियों को लेकर पहले हो चुकी है समीक्षा बैठक
राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता (14 वर्ष बालक) की तैयारियों को लेकर 20 दिसंबर 2025 को संयुक्त संचालक संभाग कार्यालय दुर्ग के मंथन हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त संचालक आर.एल. ठाकुर ने की। बैठक में दुर्ग संभाग के व्यायाम शिक्षकों को प्रतियोगिता की तैयारियों और उन्हें सौंपे गए दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सहायक संचालक क्रीड़ा कल्पना स्वामी तथा जिला अधिकारी दुर्ग तनवीर अकील भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *