रायपुर। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में देशभक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिलेगा। 15 जनवरी को दोपहर ठीक 12:55 बजे रायपुर लोकसभा क्षेत्र के करीब 5 लाख विद्यार्थी एवं युवा एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गान करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में रायपुर क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन सुभाष स्टेडियम में होगा, जहां 20 हजार से अधिक युवा एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी और देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम संयोजक दानसिंह देवांगन ने बताया कि रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र होगा, जहां एक ही समय पर एक साथ 5 लाख से अधिक युवाओं द्वारा वंदे मातरम् का गान किया जाएगा, जो अपने आप में एक कीर्तिमान होगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् आज भी विद्यार्थियों और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने में पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल-कॉलेजों में “वंदे मातरम् गीत का देश की आज़ादी में योगदान” विषय पर स्थानीय विद्यार्थियों द्वारा वाचन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, निजी विश्वविद्यालय आयोग के अध्यक्ष वीके गोयल, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलसचिव एस. के. पटेल, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश सिन्हा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलसचिव, एडिशनल डायरेक्टर एविएशन सूरज कुमार साहू, डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ ए. एस. कन्नौजे, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर मनोज पांडेय, एनसीसी से स्क्वाड्रन लीडर एम. जोरार, जिला शिक्षा विभाग के सहायक संचालक एम. मिंज, एनटीपीसी के डीजीएम कम्युनिकेशन सहदेव सेठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।