भिलाई नगर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाली जा रही राष्ट्रीय गौरव यात्रा 14 फरवरी को Nashik से प्रारंभ होकर 19 फरवरी को Puri के जगन्नाथ पुरी में संपन्न होगी। यात्रा 16 फरवरी की रात छत्तीसगढ़ सीमा से प्रवेश करते हुए चिचोला, राजनांदगांव और दुर्ग होकर भिलाई नगर पहुंची। भिलाई नगर के नेहरू नगर चौक पर छत्तीसगढ़ी कुर्मी क्षत्रिय समाज और युवा कुर्मी मित्र मंडल की ओर से यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शिवाजी महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर के अध्यक्ष संतोष पाटनवार, युवा कुर्मी मित्र मंडल भिलाई नगर के अध्यक्ष अजय चंद्राकर, प्रदेश कुर्मी समाज के महामंत्री मोरध्वज चंद्राकर, प्रदेश मंत्री पुष्पक राज देशमुख सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा शिवाजी महाराज के राष्ट्र निर्माण, स्वाभिमान और संगठन शक्ति के संदेश को देशभर में पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान विभिन्न शहरों में सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।