भिलाई। नाबालिग से गैंगरेप मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने भीम नारायण पांडेय और संजय पंडित को दो दिनों की रिमांड पर लिया है। वहीं मामले में एक अन्य आरोपी अमित वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब तक इस सनसनीखेज प्रकरण में कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को पीड़िता ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उल्लेख है कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद कई आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म किया।
कोर्ट में किया समर्पण, दो दिन की रिमांड
फरार चल रहे आरोपी भीम नारायण पांडेय और संजय पंडित ने पुलिस दबाव के चलते शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन के लिए रिमांड पर लिया है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा सके।
गेस्ट हाउस बुक कराने वाला भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सेक्टर-10 भिलाई निवासी अमित वर्मा (47) ने अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराकर मुख्य आरोपी के लिए गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराया था। पुलिस ने उसे गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी की भूमिका अहम
प्रकरण में मुख्य आरोपी के रूप में पीडब्ल्यूडी के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कृपाशंकर उर्फ राजू कश्यप और भीम नारायण पांडेय की भूमिका महत्वपूर्ण बताई जा रही है। पुलिस इससे पहले कृपाशंकर उर्फ राजू कश्यप, विजय स्वाइन, अनिल चौधरी और गोविंद सिंह नागवंशी को गिरफ्तार कर चुकी है।
बढ़ सकती है आरोपियों की संख्या
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है। रिमांड के दौरान पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।