दुर्ग।वैलेंटाइन डे के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। शनिवार को जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या असामाजिक तत्वों की हरकतों पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। पुलिस प्रशासन ने वैलेंटाइन डे को देखते हुए विशेष ड्यूटी चार्ट जारी किया है। 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 5 नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) और 30 थाना प्रभारियों को जिले के प्रमुख पार्क, गार्डन, मॉल, बाजार, पर्यटन स्थल और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर तैनात किया गया है।
33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां करेंगी निगरानी
जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में 33 अतिरिक्त पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। ये टीमें संवेदनशील स्थलों पर लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा 21 प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस बल की स्थायी तैनाती रहेगी। डायल-112, कंट्रोल रूम और रिजर्व पुलिस बल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। ट्रैफिक विभाग को भी यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला सुरक्षा के लिए विशेष टीम
महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। महिला सुरक्षा टीमों को पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर अलग से तैनात किया गया है। इन टीमों को युवतियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीम आर्मी ने सौंपा ज्ञापन
वैलेंटाइन डे के दौरान प्रेमी युगलों के साथ होने वाली घटनाओं को लेकर भीम आर्मी ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने मांग की है कि संस्कृति रक्षण और मोरल पुलिसिंग के नाम पर हिंसा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और प्रेमी युगलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। भीम आर्मी के प्रतिनिधियों ने कहा कि हर वर्ष वैलेंटाइन डे के दौरान कुछ कट्टरपंथी संगठन प्रेमी युगलों को निशाना बनाते हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
कानून हाथ में लेने वालों पर सख्ती
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।