भिलाई। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने नेवई भिलाई में संचालित केंद्रीय विद्यालय के लिए स्वतंत्र भवन निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री से चर्चा कर विद्यालय के लिए स्थायी अधोसंरचना उपलब्ध कराने का आग्रह किया। सांसद बघेल ने बताया कि वर्तमान में नेवई स्थित केंद्रीय विद्यालय नेवई में कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय फिलहाल केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के भवन में संचालित हो रहा है, जिसके कारण विद्यालय के अधोसंरचना विकास में बाधाएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का अपना स्वतंत्र भवन होने से कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित विकास हो सकेगा। साथ ही प्रवेश क्षमता में भी वृद्धि होगी, जिससे अधिक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।
लोकसभा में इस विषय पर जानकारी देते हुए केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री ने बताया कि सीआईएसएफ द्वारा 2.80 हेक्टेयर (6.99 एकड़) भूमि का चिन्हांकन स्वतंत्र भवन निर्माण के लिए कर लिया गया है। भूमि उपलब्ध होने के बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। सांसद विजय बघेल ने आशा व्यक्त की कि शीघ्र ही विद्यालय को अपना भवन मिलेगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।