पाटन में PM आवास के 7000 हितग्राही अपात्र! अब आबादी पट्टे के फेर में अटक सकता है गरीबों का प्रधानमंत्री आवास : युगल किशोर आडिल

पाटन। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की सरकारी पहल पर अब आबादी पट्टे और जमीन संबंधी दस्तावेजों की अनिवार्यता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस नेता युगल किशोर आडिल ने आरोप लगाया है कि सरकार जटिल नियमों के जरिए जरूरतमंद ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा कि आबादी पट्टे के अभाव में वर्षों से गांवों में बसे गरीब परिवारों के आवास का सपना अधर में लटक गया है।

आडिल ने बताया कि कुछ माह पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में एक ही दिन ग्रामसभा आयोजित कर हितग्राहियों का सर्वे कराया गया था। सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि ग्रामसभा के अनुमोदन के आधार पर प्राथमिकता सूची तैयार कर आवास स्वीकृत किए जाएंगे। लेकिन जारी की गई सूची ग्रामसभा के अनुमोदन और स्थानीय परिस्थितियों के विपरीत है।उन्होंने कहा कि सरकार ने अब ऐसे हितग्राहियों को लाभ देने की शर्त रखी है, जिनके पास जमीन का पट्टा, नक्शा और खसरा उपलब्ध हो। जबकि प्रदेश के अनेक गांवों में 25 से 30 वर्ष पहले तत्कालीन सरपंचों द्वारा ग्रामीणों की जरूरतों को देखते हुए नई बसाहट के लिए जमीन आवंटित की गई थी। इन बस्तियों को आज तक राजस्व रिकॉर्ड में आबादी घोषित नहीं किया गया है। जमीन शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज होने के कारण यहां रहने वाले परिवारों के पास वैध पट्टा और अन्य दस्तावेज नहीं हैं।

आडिल ने दावा किया कि इस नियम के चलते प्रदेशभर में लगभग 60 प्रतिशत हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की सूची से बाहर होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि पाटन विकासखंड में भी ग्रामसभा अनुमोदन से पहले नोडल अधिकारियों के माध्यम से सर्वे कराकर लगभग 7000 हितग्राहियों को अपात्र कर दिया गया था। विरोध और विवाद की स्थिति बनने पर नाम दोबारा जोड़ने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और जटिल नियमों का खामियाजा गरीब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। गलती प्रशासनिक व्यवस्था की है, लेकिन इसका खामियाजा ग्राम पंचायतों के सरपंच और पंच भुगत रहे हैं। सरकार आवास देने की बात तो कर रही है, लेकिन पात्रता के ऐसे नियम लागू किए जा रहे हैं, जिनसे वास्तविक जरूरतमंद ही योजना से बाहर हो रहे हैं।

इस संबंध में युगल किशोर आडिल ने जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दो प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने मांग की कि 25 से 30 वर्ष पूर्व तत्कालीन सरपंचों द्वारा आवंटित नई बसाहटों को तत्काल आबादी घोषित कर ग्रामीणों को पट्टा जारी किया जाए। साथ ही नोडल अधिकारियों द्वारा पूर्व में जारी अपात्र हितग्राहियों की सूची का पुनः सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक पात्र और जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके। आडिल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गरीबों को आवास उपलब्ध कराना चाहती है तो सबसे पहले जमीन और पट्टे से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करना होगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार केवल दस्तावेजों के अभाव में पक्के मकान के अपने सपने से वंचित ना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *