बारिश बनी धान खरीदी में बाधा तो किसानों के लिए आगे आई साय सरकार ! फिर मिलेगा धान बेचने का मौका, भाजपा नेत्री हर्षाचंद्राकर ने फैसले का किया स्वागत

पाटन। भाजपा जिला दुर्ग की उपाध्यक्ष हर्षा लोकमनी चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को धान बेचने का दोबारा अवसर देकर राहत पहुंचाने का निर्णय लिया है। जिन किसानों का धान असमय बारिश के कारण निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्रों तक नहीं पहुंच पाया और वे अपनी उपज नहीं बेच सके, उन्हें फिर से टोकन जारी किया जाएगा। उन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे किसानों की परेशानियों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता बताया।

श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि अन्नदाता की चिंता को समझना और संकट के समय उसके साथ खड़ा होना ही किसान हितैषी सरकार की पहचान है। प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने से वंचित नहीं होना पड़े, इस दिशा में दोबारा टोकन जारी करने का निर्णय हजारों प्रभावित किसानों के लिए राहतकारी साबित होगा।

उन्होंने बताया कि टोकन निरस्त होने, फसल कटाई में देरी अथवा तकनीकी दिक्कतों के कारण निर्धारित तिथि पर धान नहीं बेच पाने वाले किसान संबंधित धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति या जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप अथवा सहकारी समिति के माध्यम से दोबारा टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। हालांकि, दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक अवसर कम होने का प्रावधान भी किया गया है।

श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान कल्याण की गारंटी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों के हित में निरंतर निर्णय ले रही है। कांग्रेस नेताओं को भी किसानों को मिली इस राहत का स्वागत करना चाहिए। किसानों की समस्याओं पर राजनीति करने के बजाय उनके समाधान के प्रयासों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान की मेहनत, सम्मान और हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। अन्नदाता खुशहाल होगा, तभी छत्तीसगढ़ समृद्ध और खुशहाल बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *