
रायपुर। मानव सेवा माधव सेवा हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल, रायपुर में आयोजित विशाल रक्तदान महाकुंभ में सेवा, समर्पण और मानवता का प्रेरणादायी संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत खेडिया, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी संजय शर्मा, अंकित अग्रवाल, मनोज गोयल, विन्नी सलूजा, जितेंद्र शर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रक्तदान महाकुंभ में कुल 76 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने का संकल्प लिया। सांसद विजय बघेल ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शुभांगी शर्मा को प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि “मानव सेवा ही सच्ची माधव सेवा है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी अनजान जरूरतमंद के लिए भगवान का दूत बन जाता है।” उन्होंने कहा कि समाज में तीन प्रकार के लोग होते हैं—एक जीवन लेने वाले, दूसरे केवल अपने लिए जीने वाले और तीसरे जीवन बचाने वाले। रक्तदाता तीसरी श्रेणी के वे लोग हैं, जो अपने रक्त के माध्यम से किसी को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे कार्य हैं जिन्हें केवल शासन-प्रशासन के भरोसे पूरा नहीं किया जा सकता, बल्कि समाज की सक्रिय सहभागिता से ही सफलता मिलती है। हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन इसी सेवा भावना के साथ निरंतर जनकल्याण के कार्य कर रहा है। सांसद ने कोविड-19 महामारी के कठिन दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि जब अधिकांश लोग संक्रमित मरीजों से दूरी बना रहे थे, तब इस संस्था के स्वयंसेवकों ने आगे बढ़कर मानवता की मिसाल पेश की थी। उनका यह सेवा भाव सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
सांसद श्री बघेल ने यह भी बताया कि वे महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा से एक दिन पूर्व ही लौटे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान भारत की संस्कृति, सेवा और मानवीय मूल्यों की सराहना हुई, वहीं अपने प्रदेश लौटते ही रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें विशेष संतोष की अनुभूति हुई।
वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत खेडिया ने कहा कि समाज से मिलने वाला सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि हेल्पिंग क्लब फाउंडेशन का सदस्य होने के नाते उन्हें इस सेवा अभियान का हिस्सा बनने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले अनेक लोगों की जान समय पर रक्त उपलब्ध होने से बचाई जा सकती है। उन्होंने संस्था की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं