
यूरोप के तीन देशों की राजकीय यात्रा से लौटने पर रायपुर में हुआ भव्य स्वागत, बोले— व्यापार, निवेश, शिक्षा और रणनीतिक सहयोग को मिलेगी नई दिशा
भिलाई/दुर्ग। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में यूरोप के तीन देशों—मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया—की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा से लौटने पर दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल का छत्तीसगढ़ आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक मौजूद रहे। पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के बीच सांसद का आत्मीय अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट से उनके निवास तक निकली स्वागत रैली का विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सांसद निवास पहुंचने पर साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, महापौर श्रीमती अल्का वाघमारे, श्री प्रीतपाल बेलचंदन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कौशिक, श्री पुरुषोत्तम देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर तीन देशों की राजकीय यात्रा करना उनके सार्वजनिक जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा रणनीतिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय चर्चा हुई, जिससे भारत और इन देशों के संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कठिन दौर में इन देशों ने भारतीय विद्यार्थियों, विशेषकर मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को सहयोग देकर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। यही विश्वास और आत्मीयता भविष्य में भारत के साथ उनके संबंधों को और मजबूत करेगी।
सांसद ने बताया कि यह यात्रा कई दृष्टियों से ऐतिहासिक रही। लगभग 30 वर्षों बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति ने रोमानिया की राजकीय यात्रा की, जबकि मोल्दोवा की यात्रा करने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू पहली भारतीय राष्ट्रपति बनीं। उन्होंने बताया कि लोकसभा के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में उन्हें शामिल होने का अवसर मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतीभाई बांभनिया, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि भी शामिल रहे।सांसद विजय बघेल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस ऐतिहासिक विदेश यात्रा से भारत को व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा और अधिक मजबूत होगी।