जामगांव आर । जामगांव आर नगर में 78वां स्वतंत्रता दिवस इस वर्ष हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। नगर के प्रत्येक शासकीय कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान में स्कूली बच्चों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए। विभिन्न संस्थानों के प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों ने ध्वज फहराकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।
ग्राम पंचायत प्रांगण में सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, सेवा सहकारी समिति और जिला सहकारी बैंक में प्राधिकृत अध्यक्ष भगवान सिंह चंद्राकर, शहीद डोमेश्वर साहू महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, किसान चौक में उपसरपंच मुकेश साहू तथा उपतहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार ममता टावरी ने ध्वजारोहण किया।
नगर का मुख्य समारोह स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हुआ, जहां प्राचार्य चेतना ठाकुर ने ध्वज फहराया और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता का महत्व समझाया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य प्रस्तुत कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों की बड़ी संख्या में उपस्थिति के बीच वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए योगदान देने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और नगरभर में तिरंगे की शान से देशभक्ति का माहौल छाया रहा।