“आईआईटी भिलाई सहित देश के 8 आईआईटी को मिला विकास का नया पंख – पीएम मोदी ने किया वर्चुअल शिलान्यास, छत्तीसगढ़ के तकनीकी भविष्य को मिलेगी गति”

दुर्ग। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज झारसुगुड़ा (उड़ीसा) में आयोजित भव्य समारोह के दौरान देश के आठ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) की फेस-2 परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास किया। इस अवसर पर आईआईटी भिलाई के फेस-2 निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।।समारोह का सीधा प्रसारण आईआईटी भिलाई के नालंदा व्याख्यान कक्ष से हुआ, जहां छत्तीसगढ़ सरकार के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब और अहिवारा विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्री श्री साहेब ने अपने उद्बोधन में कहा – “यह केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री द्वारा आईआईटी भिलाई सहित आठ संस्थानों में अधोसंरचना विकास कार्यों का शिलान्यास तकनीकी शिक्षा और नवाचार को नई ऊंचाई देगा। फेस-2 परियोजना पूर्ण होने के बाद शोधार्थियों की संख्या दोगुनी होकर 3000 तक पहुंच जाएगी, जिससे प्रदेश के युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा।

आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजीव प्रकाश ने संस्था की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि फेस-2 परियोजना के लिए भारत सरकार द्वारा 2,257.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें 1092 करोड़ रुपये परिसर निर्माण के लिए हैं, जिसके तहत अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, छात्रावास, खेल परिसर, ओपन एयर थिएटर, अनुसंधान पार्क, आवासीय भवन और स्वास्थ्य केंद्र सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

विशेष आकर्षण 96 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला अनुसंधान पार्क है, जो छत्तीसगढ़ राज्य का पहला होगा और उद्योग-अकादमिक सहयोग को नया आयाम देगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अक्टूबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।।2016 में स्थापित आईआईटी भिलाई ने अल्प अवधि में ही राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यहां 300 से अधिक शोध परियोजनाएं संचालित हैं और 30 पेटेंट दर्ज किए जा चुके हैं। संस्था ने हाल ही में “विद्या समीक्षा केंद्र” जैसी अनूठी पहल कर शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक पारदर्शिता और संसाधनों की बचत सुनिश्चित की है। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने इस ऐतिहासिक क्षण के लिए प्रधानमंत्री और संस्था को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *