
ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान, तिरंगे के रंग में रंगा पंचायत परिसर; शिक्षा, स्वच्छता और ग्राम विकास का लिया संकल्प
जामगांव आर । ग्राम पंचायत आगेसरा में देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, पंचगण, ग्रामीणों, बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में सरपंच रमाकांत साहू ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। बच्चों एवं ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। पंचायत परिसर को तिरंगे के रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में देशभक्ति के रंग को और गहरा कर दिया। समारोह में हाई स्कूल एवं समर्पण निःशुल्क कोचिंग क्लास आगेसरा से जुड़े विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास तथा युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।
विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : रमाकांत साहू
सरपंच रमाकांत साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और गांव के विकास के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत आगेसरा को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए सभी ग्रामीणों के सहयोग से निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही राष्ट्रहित एवं ग्राम विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।