पुण्यतिथि पर सांसद विजय बघेल ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन, कहा—राजनीतिक विरोधी भी करते थे उनके व्यक्तित्व की प्रशंसा

पुण्यतिथि पर सांसद विजय बघेल ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन, कहा—राजनीतिक विरोधी भी करते थे उनके व्यक्तित्व की प्रशंसा

भिलाई। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने सेक्टर-5, भिलाई स्थित अपने निवास पर अटल जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी अटल जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक महामानव, कुशल राजनेता, प्रखर वक्ता और संवेदनशील कवि थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ की जनता से किया वादा निभाते हुए अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व इतना विराट और लोकप्रिय था कि उनके राजनीतिक विरोधी भी उनकी प्रशंसा करते थे। उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाकर पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत किसी के सामने झुकने वाला राष्ट्र नहीं है।

सांसद बघेल ने कहा कि अटल जी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था। सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। उनका जीवन और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे तथा राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं को देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा। स अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, शशि बंछोर , उपकार चंद्राकर, अरविंद खुराना, भागचंद जैन, दशरथ भोई, मनोज गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *