
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर-भरर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने जनभागीदारी एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेश केला के मुख्य आतिथ्य में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के अधिकारी-कर्मचारी, एलुमनी एवं वर्तमान विद्यार्थी, जनभागीदारी समिति के सदस्य तथा ग्राम जामगांव आर के सरपंच रूपेंद्र शुक्ल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अपने संदेश में विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति केवल शासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सामूहिक योगदान से संभव है। जनभागीदारी एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष नरेश केला ने देश निर्माण में सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। सरपंच रूपेंद्र शुक्ल ने छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया।
पौधों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ध्वजारोहण के बाद पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महाविद्यालय परिवार ने अभिनव पहल की। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने उपस्थित अतिथियों एवं सम्माननीय जनों को आम, अमरूद और जामुन जैसे फलदार पौधे उपहार स्वरूप प्रदान किए। पौधों को रोपित कर उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प भी लिया गया।
विभाजन की त्रासदी से सीख, राष्ट्र की अखंडता का संकल्प
शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी के संयोजन में देश विभाजन की त्रासदी विषय पर भाषण, परिचर्चा, देशभक्ति गीत एवं कविता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने वर्ष 1947 में हुए भारत विभाजन, उसके आधार तथा रेडक्लिफ लाइन से जुड़ी ऐतिहासिक परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभाजन की पीड़ा और उससे मिली सीख को समझते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा भविष्य में देश को किसी भी प्रकार के विभाजन से बचाने का संकल्प लिया।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में सेवानिवृत्त हुए पूरण मल शर्मा तथा अगस्त माह में सेवानिवृत्त होने वाले लेखपाल गिरीश देशपांडे का सम्मान किया गया। उपस्थित जनभागीदारी समिति के सदस्यों ने उनके सेवाकाल में दिए गए योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में उमाशंकर शुक्ला, शैलेन्द्री मंडावी, मनीष जैन, पूर्णेंद सिन्हा, रामकुमार चंद्राकर, सागर, मेघनाथ नागवंशी सहित अनेक गणमान्य जनभागीदारी समिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान ने किया।