सेजेस जामगांव आर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस-मेधावी विद्यार्थियों और पूर्व छात्रा अग्निवीर रूपाली साहू का हुआ सम्मान

सेजेस जामगांव आर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस-मेधावी विद्यार्थियों और पूर्व छात्रा अग्निवीर रूपाली साहू का हुआ सम्मान

जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जामगांव आर में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलेश साहू, अध्यक्ष भाजपा मंडल जामगांव आर रहे। अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष अंगेश्वर साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में शासकीय कालेज समिति के नरेश कला, सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, उपसरपंच मुकेश साहू, मंडल महामंत्री पूर्णनेन्द्र सिन्हा,आसकरण जैन, मनीष जैन, शैलेंद्र मंडावी, नंदनी साहू, मेघनाथ सागरवंशी एवं सीताराम साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के छायाचित्रों पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात एसएमसी अध्यक्ष अंगेश्वर साहू ने ध्वजारोहण किया तथा प्राचार्य कविता साहू ने तिरंगे को सलामी दी। सामूहिक राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के गायन से विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गया।

प्रभात फेरी से गूंजा जामगांव आर

विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी जामगांव आर की विभिन्न गलियों से होते हुए किसान चौक पहुंची, जहां व्यापारिक नागरिकों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद प्रभात फेरी दल ने डीएम हॉस्पिटल, ग्राम पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में भी सहभागिता की।

देशभक्ति गीत, नृत्य और कविताओं ने बांधा समां

विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं शहीद थानसिंह ठाकुर की प्रतिमा की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण से हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता एवं भाषण की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नेशनल साइंस ओलंपियाड 2025-26 के अंतर्गत विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इंटरनेशनल मैथ्स ओलंपियाड के 9, नेशनल साइंस ओलंपियाड के 5 तथा इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड के 4 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।

अग्निवीर रूपाली साहू को विशेष सम्मान

विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं ग्राम कुम्हली निवासी रूपाली साहू, जिनका जनवरी 2026 में अग्निवीर के रूप में एयरफोर्स में चयन हुआ है और जो वर्तमान में सुखोई विमान की पायलट के रूप में देशसेवा कर रही हैं, को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त किया।

80 प्रतिशत से अधिक अंक वाले 36 विद्यार्थी सम्मानित

विद्यालय के सेवानिवृत्त व्याख्याता आर.एस. साहू, ग्राम जोरातराई को भी विद्यालय परिवार की ओर से श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 36 विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रत्येक विद्यार्थी को 500 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया।

सच्ची देशभक्ति अच्छे नागरिक बनने में है : कविता साहू

प्राचार्य कविता साहू ने स्वागत उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल नारों और गीतों तक सीमित नहीं होती, बल्कि अच्छा नागरिक बनने, ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने, शिक्षा प्राप्त करने और समाज के प्रति संवेदनशील रहने में है।

मुख्य अतिथि कमलेश साहू ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देशभक्ति के साथ-साथ अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। वहीं अध्यक्ष अंगेश्वर साहू ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें देशप्रेम की भावना के साथ देश की रक्षा एवं राष्ट्रहित के लिए सदैव तैयार रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता डी.के. साहू एवं विनीता सुधीर ने किया तथा आभार प्रदर्शन वरिष्ठ व्याख्याता चेतना ठाकुर ने किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, पालक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, पालकों, नागरिकों एवं विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *