
जामगांव आर। सेवा सहकारी समिति बटरेल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ भारत माता के जयकारों से परिसर गूंज उठा। भाजपा नेता कमलेश साहू ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव और आत्ममंथन का पर्व है। देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें उनके बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और ग्रामीण भारत देश की प्रगति के मजबूत आधार हैं। हम सभी मिलकर अपने गांव, क्षेत्र और देश के विकास में योगदान दें, यही स्वतंत्रता दिवस की सच्ची भावना है।
समारोह में पूर्व विधायक डॉ. दयाराम साहू, सरपंच एमन आठे, केशव सोनी, घासी राम साहू, डॉ. देवेंद्र साहू, किरण यादव, टेमन छपह, कोमल साहू, गौतम चंद जैन, समिति प्रबंधक खुमेश वर्मा, चुम्मन लड़वन, देवाराम साहू, दिनेश देवांगन, अनश्वर साहू, श्यामलाल साहू, कामता साहू, गालव साहू, उपेंद्र साहू, कन्हैयालाल साहू, युवराज साहू, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।