
जामगांव आर। दक्षिण पाटन के केंद्रबिंदु ग्राम पंचायत जामगांव आर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत भवन में सरपंच एवं सरपंच संघ पाटन के ब्लॉक अध्यक्ष तथा कांग्रेस नेता रूपेंद्र शुक्ला ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया। पंचायत भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रूपेंद्र शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की रक्षा करना और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
श्री शुक्ला ने कहा कि गांव और पंचायत देश के विकास की मजबूत नींव हैं। ग्राम पंचायत के विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है। सभी ग्रामीणों के सहयोग और सहभागिता से जामगांव आर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर उपसरपंच मुकेश साहू,देवनारायण साहू,अंगेश्वर साहू,सुनील चन्द्राकर,सुनीता साहु, तामेश्वर ठाकुर, डा धर्मेंद्र निर्मलकर,राम कृष्ण साहू,सपना मिश्रा,सुमित्रा धीवार,रिंकी कोसरे,लुकेशवरी विश्वकर्मा, फलेश्वरी यादव, गिरजा कुमकार, उज्ज्वल केला,कचरीबाई सहित पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों एवं युवाओं की उपस्थिति रही।