किसानों को बड़ी सौगात : नवीन सेवा सहकारी समिति जरवाय का शुभारंभ, अब गांव में ही मिलेंगी कृषि ऋण, खाद, बीज की सुविधाएँ

जामगांव आर। किसानों की सुविधा और कृषि सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेवा सहकारी समिति केसरा से पृथक नवीन सेवा सहकारी समिति जरवाय (प.क्र. 3437) का शुभारंभ 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से किया गया।शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत जरवाय के सरपंच यशवंत साहू ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बलराम के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुई।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नई सेवा सहकारी समिति के गठन से क्षेत्र के किसानों को खाद-बीज, ऋण वितरण एवं अन्य कृषि सेवाएं अब समय पर और सुगमता से उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। अब किसानों को इन सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच यशवंत साहू ने इसे किसानों के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे कृषि कार्यों में तेजी आएगी और किसानों को त्वरित लाभ मिलेगा।इस अवसर पर गंगाराम जोशी (मंडल अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा), सुभाष यादव (महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा), हिरासिंग साहू (पूर्व अध्यक्ष), यशवंत यादव (उपाध्यक्ष भाजपा मंडल), बहूर निषाद, दीनबंधु साहू, पूर्व सरपंच रामसुख जोशी, सुकलाल (प्राधिकृत अधिकारी) सहित बड़ी संख्या में किसान एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *