
जामगांव आर। सावन मास के पावन अवसर पर ग्राम कौही में आगामी 24 अगस्त 2026, सोमवार को विशाल बोलबम कांवड़िया सावन मेला, रुद्राभिषेक एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन श्री महाकाली एवं श्री हनुमान मंदिर परिसर, धर्म नगरी कोही में होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्तों एवं कांवड़ियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के तहत प्रातः 8 बजे से भगवान शिव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक प्रारंभ होगा। इसके पश्चात धार्मिक अनुष्ठान एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। सावन माह में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों एवं शिवभक्तों में उत्साह है।
आयोजन को सफल बनाने में बोल बम समिति कोही सहित अटंगो, जरवाय, बोरेंदा, सिलावट, सुपेला, सेमरा, सिलतरा, भरदा, भेलवाकुड़ा सहित आसपास के ग्रामों की समितियां, बजरंग दल समिति, पंचकोशी समिति तथा दुर्गावाहिनी महिला स्व-सहायता समूह एवं महिला स्व-सहायता समूहों का सहयोग रहेगा। आयोजक बोलबम सेवा समिति, सिद्धाश्रम साधक परिवार, श्री महाकाली एवं श्री हनुमान मंदिर परिसर धर्म नगरी कोही, ग्राम पंचायत एवं समस्त ग्रामवासी कौही ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं प्रसादी ग्रहण करने की अपील की है।