
पाटन। दुर्ग जिले के वीर बलिदानियों की पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से विकासखंड पाटन के ग्राम सोनपुर में 20 अगस्त को शौर्य वाटिका भूमि पूजन, डोम शेड लोकार्पण एवं वीर स्मृति वृहद वृक्षारोपण संकल्प समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में शहीदों की स्मृति में पौधरोपण के साथ शौर्य वाटिका निर्माण की आधारशिला रखी जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे ग्राम सोनपुर स्थित सिपकोंहा रोड पर आयोजित होगा। आयोजन के तहत दुर्ग जिले के वीर बलिदानियों की स्मृति में शौर्य पार्क विकसित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिले के बलिदानियों के नाम पर एक-एक स्मृति वृक्ष उनके परिवारजनों द्वारा अर्पित किया जाएगा। यह शौर्य वाटिका आने वाली पीढ़ियों के लिए वीर शहीदों की शौर्यगाथा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का केंद्र बनेगी। सरपंच डा संतराम कुम्भकार ने ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शहीदों को नमन करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प में सहभागी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम की तैयारी में जुटे सामाजिक कार्यकर्त्ता अनुज कुमार नारद ने बताया कि शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण का यह आयोजन केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि वीर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनकी शौर्यगाथा को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान करेगी। इसकी तैयारी को लेकर यहाँ विशेष बैठक हुई जिसमें आरएसएस के जिला करवाह सुनील पटेल, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सभापति प्रणव शर्मा, मछुआ कल्याण बोर्ड सदस्य नेतराम निषाद, पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश भाले, सरपंच डॉ. संतराम चक्रधारी, रतन चक्रधारी, चंद्रिका साहू, सुनील पटेल, शत्रुघ्न देवांगन, सेवानिवृत्त शिक्षक रामु चक्रधारी, बाबा वर्मा, खेमलाल साहू, केवल देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।