
रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम की एक सिटी बस में अचानक आग लग गई। घटना जब्बार नाला के पास की बताई जा रही है। हादसे के समय बस बलौदाबाजार से रायपुर की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोककर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। ड्राइवर की सतर्कता और यात्रियों की तत्परता से सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही Pandri Police और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का एक हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने भी शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। आग लगने की वजह से कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।