दुर्ग: तीन मंजिला इमारत के जिम में लगी भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी; फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद पाया काबू

दुर्ग। दुर्ग के मोहन थाना क्षेत्र स्थित सिंधी नगर में बुधवार सुबह एक फिटनेस सेंटर में आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर संचालित जिम से अचानक धुआँ उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। मनीष देवांगन द्वारा संचालित इस जिम में आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते जिम में रखे कई महंगे उपकरण जलकर खाक हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियाँ मौके पर भेजी गईं। अग्निशमन दल के कर्मचारी तीसरी मंजिल तक पहुँचकर आग को नियंत्रित करने में जुट गए। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकलकर्मियों के अनुसार आग इतनी तीव्र थी कि अंदर घुसने में भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।

जिला अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र सिंह ने बताया—“सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया। जिम के अंदर घुसकर काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया गया। आगजनी में जिम का लाखों का सामान पूरी तरह जल गया है।”स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय धुआँ उठना शुरू हुआ, उस समय जिम में कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जाँच पुलिस और फायर विभाग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *