महाराष्ट्र पासिंग कार से 3 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने की आशंका, दो संदिग्ध हिरासत में — बैंक टीम नोटों की गिनती में जुटी
बालोद, 12 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बालोद-धमतरी सीमा पर मंगलवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक संदिग्ध कार (MH 04 MA 8035) से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कार से 3 करोड़ रुपये से अधिक की रकम मिलने की संभावना है। यह कार महाराष्ट्र पासिंग की बताई जा रही है। जांच में खुलासा हुआ कि कार की सीट के नीचे विशेष रूप से तैयार खांचे (सीक्रेट लॉकर) में नोटों के बंडल छिपाए गए थे। मौके से कार सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
◆गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
बालोद पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार रायपुर से महाराष्ट्र की ओर भारी मात्रा में नकदी लेकर जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सीमाओं पर नाकाबंदी कर कुसुमकसा थाना क्षेत्र में कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने पहले बचने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के बाद कार को पकड़ लिया गया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को सीट के नीचे बने गुप्त लॉकर में नकदी के बंडल मिले।
◆बैंक टीम मौके पर, गिनती जारी
पुलिस ने जब्त की गई नकदी की गिनती के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की टीम को बुलाया है। बैंक अधिकारी और पुलिस मिलकर नोटों की गणना कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि रकम की सटीक जानकारी गिनती पूरी होने के बाद ही दी जाएगी, हालांकि अनुमान है कि यह 3 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।
◆हवाला कारोबार की आशंका
प्रारंभिक जांच में इस रकम का संबंध हवाला कारोबार से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग और खुफिया एजेंसियों को सूचित कर दिया है। कार सवार दोनों व्यक्ति रकम के स्रोत और गंतव्य के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
◆सीक्रेट लॉकर ने बढ़ाई हैरानी
कार में बनाए गए गुप्त लॉकर को देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। इसे इतनी सफाई से तैयार किया गया था कि सामान्य जांच में इसका पता लगाना कठिन था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह कार किसी हवाला नेटवर्क, राजनीतिक या व्यावसायिक लेनदेन से जुड़ी है।
◆उच्चाधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट
बालोद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। दोनों संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है और रिपोर्ट राज्य एवं केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी गई है। पुलिस की विशेष टीम महाराष्ट्र और रायपुर दोनों स्थानों पर जांच में जुटी है।