पाटन। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 36वीं राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में इस वर्ष भी पाहंदा (अ) की बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखा है। सरस्वती शिशु मंदिर पाहंदा (अ) और एकलव्य खो-खो संघ की बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। टीम की कप्तान कुमकुम देवांगन और उप कप्तान प्राची यादव के नेतृत्व में खिलाड़ियों — जाह्नवी यादव, लक्ष्मी साहू, अंकिता साहू, हेमा ठाकुर, नूतन ठाकुर, रितिका ठाकुर, जाह्नवी वर्मा, तान्या ठाकुर, गीतांजलि साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रधानाचार्य चेलाराम साहू ने बताया कि विद्यालय की टीम लगातार छह वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर रही है। इस वर्ष हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में हुई प्रतियोगिता में भी बालिकाओं ने स्वर्ण पदक जीता और अब 20 दिसंबर को ककड़ी (राजस्थान) में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई हैं।
टीम की इस उपलब्धि पर क्षेत्रभर से बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। सांसद एवं एकलव्य खो-खो संघ के संरक्षक विजय बघेल, योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, पूर्व जनपद अध्यक्ष हर्षा लोकमणी चंद्राकर, जनपद सभापति प्रणव शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर, और अनेक जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। स.शि.म. पाहंदा (अ) के अध्यक्ष चेतन देवांगन, उपाध्यक्ष सुरेंद्र साहू, सचिव राजेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष बिसरूराम कुर्रे समेत समस्त शिक्षकों, प्रशिक्षकों और ग्रामवासियों ने इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया। प्रशिक्षक गजेन्द्र यादव एवं सहायक प्रशिक्षकों वेदप्रकाश पटेल, अमरकांत देवांगन, पवन साहू सहित पूरी टीम ने कठिन परिश्रम से खिलाड़ियों को तैयार किया।
बच्चों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य चेलाराम साहू ने कहा कि हमारी बेटियों ने लगातार छठे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। यह टीमवर्क, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। हमें गर्व है कि पाटन का पाहंदा (अ) आज देशभर में खो-खो खेल के क्षेत्र में पहचान बना रहा है।