दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में आधार कार्ड के सुदृढ़ीकरण और बच्चों के डेटा अपडेशन के लिए व्यापक स्तर पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लंबित मामलों को समयसीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में जिले में कुल 23,905 मामले लंबित हैं। पिछले चार महीनों से जिले के विभिन्न शासकीय और अशासकीय स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 तक कुल 1,549 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों के माध्यम से 52,742 बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरा किया गया है। इसके अलावा 495 नए आधार कार्ड बनाए गए हैं तथा 7,047 अन्य आधार सुधार कार्य भी संपन्न किए गए हैं।
फरवरी में फिर शुरू हुए विशेष शिविर
फरवरी माह की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 16 फरवरी से पुनः शुरू हुए विशेष शिविरों के जरिए अब तक 4,871 बच्चों का एमबीयू किया गया है, जबकि 339 बच्चों के आधार कार्ड में आवश्यक अपडेट किए गए हैं।
31 मार्च तक 410 स्कूलों में शिविर
जिला प्रशासन ने 31 मार्च 2026 तक जिले के 410 शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में शिविर लगाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि भविष्य में इस प्रक्रिया के लिए निर्धारित शुल्क लागू किया जा सकता है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों का समय पर बायोमेट्रिक अपडेट होना जरूरी है, ताकि भविष्य में शैक्षणिक, शासकीय योजनाओं और अन्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभियान को लेकर स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की गई है।