बिजली कटौती से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतरे,अंडा चौक में क्षेत्रीय विधायक का पुतला फूंका, 7 दिन का अल्टीमेटम

कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग, किसान नेता ढालेश साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन

उतई। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बिजली कटौती, पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन काटे जाने, बढ़े हुए बिजली बिल और कृषि पंपों को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने की समस्याओं को लेकर बुधवार को अंडा चौक में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24 एवं किसान नेता ढालेश साहू ने किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक का पुतला दहन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने 21 सद्बुद्धि दीप प्रज्वलित कर अपना विरोध जताया। ग्रामीणों ने ‘अंधेरा छटेगा, उजाला आएगा’ का नारा लगाते हुए क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की। प्रदर्शन के पश्चात जिला कलेक्टर, दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष ऋषि साहू ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 21 सद्बुद्धि दीप जलाकर क्षेत्रीय विधायक से जनता की समस्याओं पर ध्यान देने और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए पहल करने की मांग की गई है।

प्रदर्शनकारियों ने रखीं प्रमुख मांगें

ग्रामीणों ने मचांदूर से निकुम, अंडा से उतई तथा कुथरेल से नगपुरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। बकाया बिजली बिल के कारण जिन ग्राम पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें तत्काल पुनः जोड़ने की मांग भी की गई, ताकि पंचायतों के शासकीय कार्य प्रभावित न हों। ग्रामीण उपभोक्ताओं के बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर राहत देने तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों का निराकरण करने की मांग रखी गई। वहीं धान की फसल के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए कृषि पंपों के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई।

जनपद सदस्य एवं किसान नेता ढालेश साहू ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और चक्काजाम जैसे कदम उठाए जाएंगे। प्रदर्शन में जनपद सदस्य किशोरी लाल देशमुख, पूर्व सरपंच भोथली रमेश साहू, पंच टोंपसिंह पटेल, गीतेश्वर साहू, हेमलाल, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष ऋषि साहू, कामेश साहू, राकेश कौशिक, बालाराम, राजा, कान्हा पाण्डेय, अमर पटेल, पुनाराम निर्मलकर, ममता ताम्रकार, नंद कुमार, संतोष, रनमत, कीर्तन, सेवक, ओमप्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *