रायपुर से निकलते ही साउथ बिहार एक्सप्रेस का AC फेल, B2 कोच में रातभर तड़पे यात्री

रायपुर से निकलते ही साउथ बिहार एक्सप्रेस का AC फेल, B2 कोच में रातभर तड़पे यात्री

भीषण गर्मी में ‘भट्ठी’ बना एसी कोच, यात्रियों ने रेलवे पर लगाया लापरवाही का आरोप
रायपुर। दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों को उस वक्त भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब ट्रेन रायपुर स्टेशन से रवाना होते ही बी-2 एसी कोच का एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक ठप हो गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरी रात यात्री परेशान रहे। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए टिकट रिफंड और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक साउथ बिहार एक्सप्रेस रायपुर से रवाना होने के कुछ ही देर बाद बी-2 कोच की कूलिंग बंद हो गई। शुरुआत में यात्रियों को उम्मीद थी कि तकनीकी खराबी जल्द दूर हो जाएगी, लेकिन समय बीतने के साथ कोच के भीतर हालात बदतर होते चले गए।
शिकायत के बाद भी नहीं मिली राहत
यात्रियों ने तत्काल टीटीई और कोच अटेंडेंट को समस्या की जानकारी दी। आरोप है कि रेल कर्मचारियों ने केवल आश्वासन दिए, लेकिन समस्या दूर करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। बिलासपुर पहुंचने के बाद भी एसी चालू नहीं हो सका।गर्मी के कारण कोच में महिलाएं हाथ से पंखा झलती नजर आईं, बच्चे रोते रहे और बुजुर्ग यात्रियों की तबीयत बिगड़ने लगी। यात्रियों ने बताया कि पूरी रात उन्हें पसीने और उमस के बीच सफर करना पड़ा।
यात्रियों में फूटा गुस्सा
रेलवे स्टाफ की उदासीनता से नाराज यात्रियों ने ट्रेन में ही विरोध जताया और रेल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। यात्रियों का कहना है कि एसी कोच का भारी किराया लेने के बावजूद उन्हें सामान्य डिब्बे से भी खराब स्थिति में सफर करना पड़ा।कई यात्रियों ने रेल मदद ऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए टिकट रिफंड की मांग की है। वहीं घटना सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन जांच में जुट गया है और तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *