CSPDCL ऑफिस में कथित रिश्वतखोरी का VIDEO वायरल, कार्यपालन अभियंता पर लगे गंभीर आरोप

CSPDCL ऑफिस में कथित रिश्वतखोरी का VIDEO वायरल, कार्यपालन अभियंता पर लगे गंभीर आरोप

प्रोजेक्ट ऑफिस में पैसे लेने का दावा, वायरल वीडियो से बिजली विभाग में मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के प्रोजेक्ट ऑफिस से जुड़ा कथित रिश्वतखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विभाग के एक कार्यपालन अभियंता पर ठेकेदार से पैसे लेने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में अधिकारी अपने केबिन के भीतर कथित रूप से नकदी लेते और नोट गिनते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
ठेकेदारों से कमीशन लेने के आरोप
सूत्रों के मुताबिक संबंधित अधिकारी पर पहले भी सप्लायरों और ठेकेदारों से कमीशन लेने के आरोप लगते रहे हैं। खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी और भुगतान के एवज में वसूली की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं। अब वायरल वीडियो ने इन आरोपों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
मामले में चुनाव फंड के नाम पर कथित वसूली की भी चर्चा हो रही है। दावा किया जा रहा है कि कुछ ठेकेदारों और सप्लायरों पर रकम देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विभागीय कार्रवाई पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि मामला सामने आने के बाद संबंधित अधिकारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। वहीं विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार यदि वीडियो की सत्यता प्रमाणित होती है, तो मामला भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसियों तक पहुंच सकता है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर सरकार और बिजली विभाग को घेरने की तैयारी में जुट गए हैं।
नोट : वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *