
डायल 112 पर कॉल के बाद हुआ दर्दनाक घटनाक्रम
कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थाना परिसर के सामने स्थित टावर पर चढ़ी 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान धुमाडांड निवासी नीलिमा लकड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक नीलिमा लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और मोबाइल पर घंटों वीडियो देखने की आदी हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि वह आत्महत्या और फांसी से जुड़े वीडियो भी लगातार देखा करती थी।
पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश
परिजनों ने बताया कि नीलिमा का सेमरडीह निवासी निशांत टोप्पो के साथ प्रेम संबंध था और वह उसके साथ रहती थी। करीब एक वर्ष पहले भी उसने विवाद के बाद फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया था। परिवार ने उसकी मानसिक स्थिति सुधारने के लिए इलाज के साथ झाड़-फूंक और चंगाई का भी सहारा लिया था।
बेटी का आधार बनवाने गई, फिर अचानक हुई लापता
घटना से एक दिन पहले नीलिमा अपनी मां के साथ बेटी का आधार कार्ड बनवाने अस्पताल गई थी। इसी दौरान किसी का फोन आने पर वह अचानक वहां से चली गई। रात में मां से फोन पर बात हुई, लेकिन घर लौटने की बात कहने के बावजूद वह वापस नहीं पहुंची।
डायल 112 पर फोन कर “पुलिस की परीक्षा”
पुलिस के अनुसार तड़के करीब 4 बजे नीलिमा ने खुद डायल 112 पर कॉल कर कहा कि “कुनकुरी थाने में कोई नहीं है।” सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में युवती ने कहा कि वह सिर्फ यह देखना चाहती थी कि सूचना मिलने पर पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है।
मोबाइल देखते-देखते टावर पर लगा ली फांसी
सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने युवती को थाना परिसर के सामने टावर पर चढ़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश दी। बताया जा रहा है कि युवती नीचे उतरने के लिए तैयार भी हो गई थी, लेकिन इसी दौरान वह फिर मोबाइल पर वीडियो देखने लगी और अचानक फांसी के फंदे पर झूल गई।
घटना के दौरान बनती रही रील
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इस दौरान कुछ लोग वीडियो और रील बनाने लगे, जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने फटकार लगाकर हटाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।