अचौद के युवक ने बटरेल नर्सरी में लगाई फांसी, पेड़ से लटका मिला शव

जामगांव आर | थाना रनचिराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अचौद के एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की बताई जा रही है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अचौद निवासी 30 वर्षीय उपेन्द्र कुमार निर्मलकर ने अपने गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम बटरेल स्थित एक नर्सरी में पेड़ पर प्लास्टिक रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक मंगलवार को अपनी मां को दोपहिया वाहन से ग्राम कंवर स्थित रिश्तेदार के घर छोड़ने गया था। वहीं से लौटते समय उसने यह कदम उठाया।

घटनास्थल के पास युवक की दोपहिया वाहन खड़ी मिली, साथ ही शराब की बोतल और डिस्पोजल भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवक ने आत्महत्या से पहले शराब का सेवन किया होगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेना महत्वपूर्ण है—नजदीकी व्यक्ति, परिवार या पेशेवर सहायता से संपर्क करना जीवन बचा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *