पाटन। दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक में प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर दिखाई देने लगा है। जन कल्याण समिति पाटन के बैनर तले हजारों ग्रामीणों ने रैली निकालकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया और सीईओ जनपद पंचायत पाटन को जिलाधीश दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम देने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम पाटन व सीईओ जनपद पंचायत पाटन ने समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। अधिकारियों ने दावा किया कि अधिकांश गांवों में मनरेगा कार्य शुरू हो चुका है और शेष के लिए एस्टीमेट भेजे जा चुके हैं। मजदूरी भुगतान भी शुरू होने की बात कही गई, जबकि पेंशन की राशि केंद्र से फरवरी तक जारी होने और राज्यांश जल्द मिलने का आश्वासन दिया गया। प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे पर अधिकारियों ने अपील प्रक्रिया के माध्यम से समाधान निकालने और पात्र-अपात्र निर्धारण में ग्राम सभा की भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही।
हालांकि, जन कल्याण समिति ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति ने जिला पंचायत सीईओ दुर्ग के साथ बैठक कर मामले के समाधान की मांग भी रखी है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कार्य स्वीकृत होने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो पा रहा, जिससे गांवों में बेरोजगारी और पलायन की स्थिति बन रही है। वहीं, मनरेगा मजदूरी का भुगतान लंबित होने से मजदूरों की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। इसके अलावा वृद्धा, निराश्रित और विकलांग पेंशन के भुगतान में देरी ने भी लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में बिना ग्राम पंचायत को भरोसे में लिए पात्र हितग्राहियों को अपात्र घोषित कर दिया गया, जो पूरी तरह मनमाना और अन्यायपूर्ण है।
जन कल्याण समिति के सदस्य युगल आडिल ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि “बिना ठोस जांच और जानकारी के अधिकारियों द्वारा आवास से नाम काटना गरीबों के साथ सीधा अन्याय है। योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी अनियमितताएं हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
अब बड़ा सवाल यही है—क्या प्रशासन कागजों से निकलकर जमीनी हकीकत बदलेगा, या फिर ग्रामीणों का गुस्सा और भड़कने वाला है?