स्वामी आत्मानंद विद्यालय मर्रा में नए सत्र के लिए प्रवेश शुरू, 10 अप्रैल से 5 मई तक कर सकते हैं आवेदन

जामगांव आर। शासन के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मर्रा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 12वीं तक प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी है कि इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई 2026 निर्धारित की गई है। कक्षा 1 में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों की आयु 31 मई 2026 की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के बीच होना अनिवार्य है। आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद उसकी पावती एवं आवश्यक दस्तावेज विद्यालय में जमा करना होगा।

विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन की संख्या अधिक होती है, तो सीटों का आबंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। वहीं, जो विद्यार्थी पहले से विद्यालय में अध्ययनरत हैं, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। गौरतलब है कि 10 अप्रैल से 5 मई तक केवल आवेदन प्रक्रिया चलेगी, जबकि प्रवेश की अंतिम प्रक्रिया 5 मई के बाद ही शुरू की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए अभिभावकों को विद्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *