42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद लैब तकनीशियन पूरन मल शर्मा को भावभीनी विदाई, महाविद्यालय परिवार ने किया सम्मानित

42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद लैब तकनीशियन पूरन मल शर्मा को भावभीनी विदाई, महाविद्यालय परिवार ने किया सम्मानित

शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में आयोजित विदाई समारोह में अतिथियों ने कार्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना की
जामगांव आर।
शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में लैब तकनीशियन श्री पूरन मल शर्मा के 42 वर्षों की गौरवपूर्ण शासकीय सेवा पूर्ण होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिवार ने उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, अनुशासित कार्यशैली और समर्पित योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी। श्री शर्मा पिछले 10 वर्षों से इस महाविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला, ग्राम सरपंच रूपेंद्र शुक्ला सहित महाविद्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं श्री शर्मा के परिजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्री शर्मा के सरल व्यक्तित्व, समयबद्ध कार्यशैली, अनुशासन और सहयोगात्मक व्यवहार की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। सभी ने उनके साथ बिताए सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला ने कहा कि श्री शर्मा के महाविद्यालय में आने के बाद कई सकारात्मक परिवर्तन हुए और उन्होंने संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं ग्राम सरपंच रूपेंद्र शुक्ल ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी व्यक्ति अपने अनुभव और सकारात्मक सोच से समाज के विकास में अहम योगदान दे सकता है। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने श्री शर्मा के दीर्घ सेवाकाल और कार्यालयीन प्रशासन में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभवों का लाभ महाविद्यालय परिवार को आगे भी मिलता रहेगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से श्री पूरन मल शर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेश धर दीवान ने किया। अपने संबोधन में श्री पूरन मल शर्मा ने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन के लिए महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *