सेजेस बेल्हारी में छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, महानदी–इंद्रावती सदनों का भी हुआ गठन

सेजेस बेल्हारी में छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, महानदी–इंद्रावती सदनों का भी हुआ गठन

प्राचार्या रीना चौधरी बोलीं— “छात्र नेतृत्व केवल पद नहीं, सेवा, अनुशासन और उत्तरदायित्व निभाने का सशक्त अवसर”
जामगांव आर
। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय (सेजेस), बेल्हारी में छात्रसंघ चुनाव के बाद नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यालय में महानदी एवं इंद्रावती सदनों का भी विधिवत गठन किया गया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इसकी जानकारी दी गई। विद्यालय छात्र संगठन में कक्षा 12 कला संकाय के विनय कुमार को शालानायक (छात्रसंघ अध्यक्ष) तथा कक्षा 12 विज्ञान संकाय की कु. पायल को शाला नायिका (बालिका छात्रसंघ अध्यक्ष) चुना गया। इसके अलावा चेतन कुमार एवं कु. नेहा को सांस्कृतिक सचिव, दुष्यंत कुमार एवं कु. तामेश्वरी को खेल सचिव, जीवा कुमार एवं ऋषि कुमार को साहित्यिक प्रभारी, महिमा ठाकुर एवं तेजस्वी ठाकुर को अनुशासन प्रभारी, नीरज कुमार एवं कु. हेमलता निषाद को स्वच्छता प्रभारी, कमल कुमार एवं रेनू शर्मा को योग प्रभारी तथा चंद्र कुमार एवं कु. भूमिका को पी.टी. प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसी दौरान महानदी सदन के लिए ऋषि कुमार, यमन कुमार, तेजस्वी एवं कु. सुभागी तथा इंद्रावती सदन के लिए छत्र कुमार एवं कु. ज्योति को सदन प्रभारी नियुक्त कर दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शपथ ग्रहण समारोह से हुआ। व्याख्याता देवेंद्र साहू ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या रीना चौधरी ने अपने संबोधन में कहा, “छात्र नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, उत्तरदायित्व और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण का सशक्त अवसर है। छात्र पदाधिकारी विद्यार्थियों के बीच समन्वय स्थापित करें, उनकी समस्याओं को समझें तथा विद्यालय में सकारात्मक, अनुशासित एवं सहयोगपूर्ण वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

वरिष्ठ संस्कृत व्याख्याता वाई. के. साहू ने कहा कि विद्यालय में प्राप्त नेतृत्व भविष्य के सशक्त नागरिक बनने की पहली सीढ़ी है। उन्होंने छात्र पदाधिकारियों से सेवा, सहयोग, समन्वय और सद्भाव की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान प्राचार्या सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों ने नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं और उनके सफल, अनुशासित एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर नीता वर्मा, के. के. जायसवाल, उत्तम पटेल, मुकेश्वरी ध्रुव, देवेंद्र साहू, पीटीआई चंद्रकला साहू, पुष्पेंद्र साहू, तोषण साहू, बुधराम साहू, वासुदेव नंदन नाग, विजय साहू, धारा साहू, तुषार कामरे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *