अयोध्या के बाद अब छत्तीसगढ़ के रामगढ़ में बन रहा भव्य श्रीराम मंदिर, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान ! पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिया निर्माण कार्य का जायजा

,

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर रामगढ़ को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ में अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने रामगढ़ पहुंचकर निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित लोगों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और धार्मिक गरिमा के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कुछ समय पूर्व रामगढ़ में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की घोषणा और भूमिपूजन किया गया था। आज उस संकल्प को धरातल पर साकार होते देखना सुखद अनुभूति है। यह केवल मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की आस्था, विश्वास और भावनाओं से जुड़ा पवित्र संकल्प है। प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा और क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा और आदर्श जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं। उनका जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। रामगढ़ की पावन भूमि पर श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से मंदिर निर्माण शीघ्र पूर्ण हो और यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बने।

मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध है। प्रदेश की लोकमान्यताओं में छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। वनवास काल के दौरान भगवान श्रीराम के छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरने की मान्यताएं भी प्रचलित हैं। रामगढ़ का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व इसी समृद्ध परंपरा से जुड़ा हुआ है।

सरगुजा का रामगढ़ ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशिष्ट पहचान रखता है। यहां स्थित सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं प्राचीन भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। रामगढ़ पर्वत से जुड़ी भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की लोकमान्यताएं इस क्षेत्र के धार्मिक महत्व को और बढ़ाती हैं। वहीं, रामगढ़ को महाकवि कालिदास की साहित्यिक परंपरा से भी जोड़ा जाता है।

धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार के नए अवसर

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का विकास श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ स्थानीय पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है। रामगढ़ में श्रीराम मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय व्यापारियों, छोटे व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि रामगढ़ में धार्मिक पर्यटन के साथ ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं हैं। मंदिर में दर्शन के साथ पर्यटक यहां की प्राचीन गुफाओं, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद ले सकेंगे।

मंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण में गुणवत्ता, धार्मिक गरिमा और स्थापत्य सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का स्थायी प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान श्रीराम के आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों के सहयोग से रामगढ़ में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प शीघ्र साकार होगा और यह स्थल सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *