“रायपुर में इंस्टाग्राम पोस्ट से बवाल: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लूजिना खान के बयान से मचा राजनीतिक व सामाजिक तूफान”
रायपुर, 9 मई: भारतीय सेना द्वारा हाल ही में पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट से रायपुर में विवाद खड़ा हो गया है। इंस्टाग्राम पर रायपुर की एक युवती लूजिना खान द्वारा की गई टिप्पणी ने जनता और सामाजिक संगठनों के बीच गुस्से की लहर पैदा कर दी है।
वायरल पोस्ट में लूजिना खान ने सेना के ऑपरेशन को “वाह-वाही के लिए मासूमों की हत्या” बताया। उसने लिखा कि वह इस कार्रवाई को “हीरोइज़्म” नहीं मानती। पोस्ट में सेना की रणनीति और निशाने पर भी सवाल उठाए गए, जिससे बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने कड़ा ऐतराज जताया।
बजरंग दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग–
बजरंग दल के प्रांत संयोजक ऋषि मिश्रा ने इसे देशविरोधी बताते हुए लूजिना को गिरफ्तार करने और उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोषों की जान गई, और सेना की जवाबी कार्रवाई पूरी तरह न्यायोचित थी। मिश्रा ने आरोप लगाया कि लूजिना का बयान राष्ट्रविरोधी ताकतों को समर्थन देने जैसा है।
इस मामले में सिविल लाइन थाना पहुंचकर हिंदू संगठनों ने विरोध दर्ज कराया और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
माफी के बाद भी शांत नहीं हुआ विवाद–
विवाद बढ़ने के बाद लूजिना खान ने एक नया पोस्ट कर माफी मांगी। उसने कहा, “मुझे भारतीय सेना की बहादुरी पर गर्व है। मेरी पहले की पोस्ट बिना सोचे-समझे की गई थी, और अब मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ है। अगर किसी की भावना को ठेस पहुंची हो तो मैं दिल से क्षमा चाहती हूं।”
हालांकि, संगठनों का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट केवल माफी से नहीं निपट सकतीं और मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
पुलिस जांच में जुटी—
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती के इंस्टाग्राम अकाउंट और संबंधित पोस्ट की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं पर कानूनी रूप से विचार किया जा रहा है।