रायपुर।।नवा रायपुर की सड़कों पर अब रफ्तार से खेलने वालों की खैर नहीं। वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे की सड़क हादसे में मौत के बाद पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ा अभियान शुरू कर दिया है। देर रात तक पुलिस की टीमें स्टेडियम टर्निंग और माना एयरपोर्ट तिराहा सहित कई संवेदनशील इलाकों में सक्रिय रहीं।
बुधवार रात की कार्रवाई में पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चला रहे 5 लोगों, 59 ओवरस्पीड कार चालकों और 6 स्टंटबाज बाइकर्स पर कार्रवाई की। सभी से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। पुलिस का यह अभियान रात 12 बजे तक चला और कई वाहन चालकों को चेतावनी भी दी गई।
तेज रफ्तार को न मिले छूट
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नवा रायपुर की खाली और चौड़ी सड़कों को देखकर लोग अक्सर रफ्तार की सीमा लांघते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है। अब ओवरस्पीडिंग, स्टंटिंग और नशे में ड्राइविंग पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।।पुलिस का कहना है कि ऐसी कड़ी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। यदि कोई व्यक्ति बार-बार पकड़ा जाता है, तो एफआईआर दर्ज कर उसकी ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करवाया जाएगा।
10 हजार का जुर्माना नशे में ड्राइविंग पर
नवा रायपुर पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि नशे में वाहन चलाने वालों से 10-10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा रहा है। यह कार्रवाई न केवल हादसों को रोकने के लिए की जा रही है, बल्कि लोगों को यह संदेश देने के लिए भी है कि सुरक्षित ड्राइविंग ही जिम्मेदारी की पहचान है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सुरक्षित गति से वाहन चलाएं और सार्वजनिक सड़कों को स्टंट शो का मैदान न बनाएं। लोगों की लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है, इसका एहसास अब सभी को करना चाहिए।