“रायपुर से राजिम तक अब सीधी ट्रेन सेवा : रेलवे ने दी मेमू ट्रेनों को मंजूरी, जल्द शुरू होगा नियमित संचालन”

रायपुर। राजधानी रायपुर से अब अभनपुर होते हुए सीधे राजिम तक रेल यात्रा करना आसान और सुलभ होने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने रायपुर-राजिम मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दे दी है और इन ट्रेनों का समय-सारणी भी जारी कर दी गई है। आने वाले सप्ताह से इन ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा आयुक्त द्वारा ट्रायल रन की अनुमति पहले ही दी जा चुकी है और अब शेष तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संभावना है कि दो-तीन दिनों में सभी व्यवस्थाएं पूरी हो जाएंगी।

सभी यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखकर बना टाइम टेबल

रेलवे प्रशासन ने बताया कि नई ट्रेन सेवा का शेड्यूल इस तरह तैयार किया गया है जिससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, दफ्तर आने-जाने वाले कर्मचारी, और शाम के समय यात्रा करने वाले यात्रियों सभी को इसका फायदा मिल सके।

तीन मेमू ट्रेनें चलेंगी, दो का विस्तार और एक नई सेवा

रेलवे ने बताया कि अब रायपुर से राजिम के बीच तीन मेमू ट्रेनों को मंजूरी दी गई है। इसमें से दो ट्रेनें पहले से रायपुर-अभनपुर के बीच चल रही थीं, जिन्हें अब राजिम तक बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा एक नई मेमू ट्रेन को भी शामिल किया गया है।
इन ट्रेनों का वाणिज्यिक ठहराव मंदिर हसौद, सीबोडी, केंद्री, अभनपुर और माणिकचौरी स्टेशनों पर होगा।

अगला लक्ष्य: धमतरी तक सेवा का विस्तार

रेलवे विभाग का अगला लक्ष्य अभनपुर से धमतरी तक सेवा को बढ़ाने का है। अधिकारियों के अनुसार धमतरी गेज कन्वर्जन का लगभग 15 किमी काम बाकी है, जिसे 31 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद धमतरी तक रेल संचालन शुरू करने की योजना है।

क्या होगा फायदा?

  • ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों से रायपुर तक सस्ती और तेज परिवहन सुविधा।
  • स्कूल-कॉलेज और ऑफिस के दैनिक यात्रियों को राहत।
  • सड़कों पर ट्रैफिक दबाव में कमी।
  • राजिम जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक पहुंच आसान।

रेलवे की यह पहल न सिर्फ यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाएगी बल्कि आर्थिक और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करेगी। राजिम से रायपुर के बीच अब रेल संपर्क एक नई शुरुआत की ओर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *