दुर्ग में भगवान झूलेलाल पर फिर अभद्र टिप्पणी : सिंधी समाज ने थाने में की शिकायत, आरोपियों पर पुलिस ने किया अपराध दर्ज

दुर्ग में भगवान झूलेलाल पर फिर अभद्र टिप्पणी : सिंधी समाज ने थाने में की शिकायत, आरोपियों पर पुलिस ने किया अपराध दर्ज

दुर्ग । जिले में सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में सिंधी युवा विंग ने दुर्ग कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ये अपमानजनक टिप्पणियां रायपुर और भिलाई के दो युवकों द्वारा की गई हैं। समाज के सदस्यों ने कमेंट्स के स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
रायपुर-भिलाई के दो युवकों पर आरोप
शिकायत में भिलाई निवासी सन्नी वर्मा और रायपुर निवासी विक्की के नाम शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पोस्ट के कमेंट सेक्शन में भगवान झूलेलाल के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया। सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि सन्नी वर्मा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालक है, जबकि विक्की सारगांव स्थित एक ऑटो डीलरशिप में कार्यरत है।
सिंधी समाज ने जताया आक्रोश
सिंधी युवा विंग के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर अपराध है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि मामले को प्राथमिकता देते हुए फौरन FIR दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
समाज के सदस्यों ने यह भी कहा कि रायगढ़ में हाल ही में धार्मिक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की थी, इसलिए इस मामले में भी वैसी ही तत्परता दिखाई जानी चाहिए।

थाने में नारेबाजी, विरोध प्रदर्शन
शिकायत के दौरान सिंधी समाज के युवाओं ने कोतवाली थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की।इस दौरान युवाओं ने “छत्तीसगढ़ महतारी जिंदाबाद” के नारे लगाए, वहीं अमित बघेल के खिलाफ विरोध के स्वर भी सुनाई दिए। सिंधी समाज के युवाओं ने स्पष्ट कहा—“हम सभी धर्म और समाज का सम्मान करते हैं, लेकिन हमारे आराध्य देवता के प्रति अभद्र टिप्पणी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया-

आक्रोश बढ़ता देख दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपी सन्नी वर्मा और विक्की के खिलाफ धारा 296, 299, 353(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। मामले में सिंधी कॉलोनी निवासी सिंधी युवा विंग के पदाधिकारी वरुण केवलतानी (22 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *