दिव्यांगजनों और वरिष्ठजनों के लिए पाटन में सहायता उपकरण शिविर, 73 हितग्राहियों का पंजीयन, 74 उपकरणों के लिए चिन्हांकन

पाटन। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग दुर्ग के सहयोग से एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) तथा इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) के सामाजिक दायित्व (सीएसआर) एवं भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के नियमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजनांतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), रायपुर के सहयोग से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए मूल्यांकन, परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक देवांगन भवन, पंद्रह रोड, पाटन में आयोजित शिविर में नगर पालिका भिलाई-चरोदा, नगर पंचायत पाटन तथा जनपद पंचायत पाटन की समस्त ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। शिविर में कुल 73 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों का पंजीयन किया गया।

शिविर के दौरान दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्राईसायकल, ट्राईसायकल, बैसाखी, व्हील चेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण तथा वरिष्ठजनों के लिए श्रवण यंत्र, कमोड चेयर आदि उपकरणों का मूल्यांकन एवं परीक्षण किया गया। कुल 74 सामग्री/सहायक उपकरणों के लिए हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया। चिन्हांकित हितग्राहियों को नियमानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जनपद पंचायत पाटन के नोडल अधिकारी जंत राम ठाकुर, समाज कल्याण विभाग दुर्ग, एलिम्को रायपुर की चिकित्सकीय टीम, नगर पंचायत पाटन के कर्मचारी एवं समाज कल्याण विभाग की टीम सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग प्रदान करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *