छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट, सूरजपुर में 190 मिमी वर्षा; वज्रपात की भी चेतावनी

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट, सूरजपुर में 190 मिमी वर्षा; वज्रपात की भी चेतावनी

23 से 27 जुलाई तक मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
रायपुर, 23 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि सूरजपुर में सर्वाधिक 190 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने अगले पांच दिनों (23 से 27 जुलाई) तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने के साथ भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। प्रमुख वर्षा आंकड़ों में सूरजपुर 190 मिमी, तमनार 120 मिमी, अंबिकापुर, लटोरी और बरपाली में 100-100 मिमी, जबकि रायपुर, मोहला, मंदिर हसौद, सोनहत और रामानुजनगर में 80-80 मिमी बारिश दर्ज की गई।विभाग ने बताया कि 23 जुलाई को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। लगातार वर्षा के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बारिश के असर से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। वहीं किसानों को खेतों में रखे कृषि उपकरणों और फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक जोखिम से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *