छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों पर सरकार सख्त, 27 जुलाई तक स्कूल लौटने का अल्टीमेटम-समय सीमा तक ड्यूटी पर नहीं लौटे तो होगी वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था

छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों पर सरकार सख्त, 27 जुलाई तक स्कूल लौटने का अल्टीमेटम-समय सीमा तक ड्यूटी पर नहीं लौटे तो होगी वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर बैठे अतिथि शिक्षकों के खिलाफ स्कूल शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षक 27 जुलाई 2026 तक हर हाल में अपने-अपने स्कूलों में वापस लौटें। यदि तय समय सीमा तक वे कार्य पर उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके स्थान पर वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था लागू की जाएगी। डीपीआई द्वारा 23 जुलाई को जारी आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों की हड़ताल से नए शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षण कार्य बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

विभाग ने शाला प्रबंधन समितियों (एसएमसी) को भी निर्देश दिए हैं कि वे हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें 27 जुलाई तक विद्यालय में वापस आने के लिए प्रेरित करें। इसके बावजूद यदि शिक्षक कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तो विभाग पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उनके स्थान पर वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था करेगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने और जिला स्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *